
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज की थी तीन पर रिपोर्ट
भास्कर ब्यूरो
पूरनपुर-पीलीभीत। जबरन जहर पिलाकर युवक की हत्या करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी को जेल भेज दिया गया।
घुंघचाई चौकी क्षेत्र के गांव सिमरिया ता. अजीतपुर बिल्हा निवासी सुनील कुमार ने बताया उसके भाई अयुब की शादी आठ साल पहले गांव की शीतल के साथ हुई थी। शादी के एक साल बाद अयुब की पत्नी का चाल चलन खराब हो गया। गांव के ही रहने वाले एक युवक से उसके संबंध बन गए। आए दिन युवक की पत्नी प्रेमी के साथ बाहर व घर आती जाती थी। इसकी शिकायत लड़का पक्ष ने मायके वालों से भी की। लेकिन उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया। दिसंबर माह की 25 तारीख 2021 को अचानक अयुब के चीखने की सुन कर परिजनों ने जाकर देखा तो अयुब के मुंह से झाग निकल रही थी। परिजनो ने जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
तहरीर देने के बावजूद कोतवाली पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने 14 मार्च 2022 को मृतक की पत्नी शीतल व उसके प्रेमी शीशु पाल व मुनीश के खिलाफ हत्या सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। इस दौरान पुलिस ने घटना को अंजाम देने के बाद फरार चल रहे मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी को मुखबिर की सूचना पर दबोच लिया। पूछताछ करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।














