यूपी : कंटेनमेंट जोन को छोड़कर शनिवार और रविवार को भी खुलेंगी शराब की दुकानें, आदेश जारी

लखनऊ :  कोरोना वायरस (Coronavirus Latest News India) के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने ऐलान किया है कि कंटेनमेंट जोन के बाहर स्थित शराब की दुकानों को शनिवार और रविवार को लॉकडाउन के बीच खुला रखा जाए। प्रदेश सरकार ने हर हफ्ते शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे के बीच लगने वाले 55 घंटे के लाकडाउन में शराब व बीयर की दुकानें खुली रखने के आदेश दिए हैं।  

आबकारी विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय आर.भूसरेड्डी ने इस बाबत सभी मण्डलायुक्तों, जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक आदि को गुरुवार को एक शासनादेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि सभी देसी व अंग्रेजी शराब व बीयर की फुटकर दुकानों, माडल शाप, भांग की दुकानों जो कंटेनमेंट जोन के बाहर संचालित हैं की संचालन अवधि सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक होगी। दैवीय आपदा, सर्वव्यापी महामारी, महामारी, कानून व्यवस्था आदि के हालात में उपरोक्त व्यवस्था में बदलाव के लिए आबकारी आयुक्त को अधिकृत किया गया है। योगी सरकार (Yogi Adityanath Government) के इस निर्णय को लेकर कांग्रेस ने जोरदार हमला किया है।

यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू (UP Congress Chief Ajay Kumar Lallu) कहते हैं कि सावधान, सावधान…प्रदेश में रामराज्य आ गया है। सरकार कहती है कि यदि दाल-चावल और दूध खरीदेंगे और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रखा गया तो कोरोना हो जाएगा। हालांकि, शराब की दुकानों पर तो सबसे ज्यादा भीड़ देखी जाती है, क्या ऐसे में कोरोना नहीं होगा क्या। अजय कुमार लल्लू ने कहा, ‘यह सरकार फायदे के लिए कुछ भी कर सकती है। इस सरकार को लोगों के जीवन से कोई लेनादेना नहीं है।’

गुरुवार को कोरोना के सामने आए 2529 केस
उत्तर प्रदेश में कोरोना के मामले दिनोंदिन बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को प्रदेश में कोरोना के 2 हजार 529 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में अब कोरोना के ऐक्टिव मामलों की संख्या 21 हजार 3 हो गई है। अबतक इस महामारी से इलाज के बाद ठीक होने पर 35 हजार 803 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 1 हजार 298 पहुंच चुकी है। इस बात की जानकारी उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने दी।

खबरें और भी हैं...