Himachal Pradesh Snowfall Photos, भारी बर्फबारी से लाहुल घाटी में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। जिला मुख्यालय केलंग में आधा फीट तथा अटल टनल के नार्थ पोर्टल में एक फीट से अधिक बर्फ पड़ चुकी है। घाटी में जिंदगी की रफ्तार थम गई है और लोग घरों में कैद हो गए हैं। लाहुल घाटी के दारचा, योचे, कोकसर, सिस्सू, प्यूकर, जिस्पा व मायड़ सहित समस्त लाहुल घाटी में बर्फ़बारी हो रही है। दूसरी ओर पर्यटन नगरी मनाली में भी रातभर बारिश रहने के बाद 11 बजे से बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। पर्यटकों के लिए सभी पर्यटन स्थल बंद हो गए हैं। पर्यटक नेहरुकुंड से मनाली के बीच बर्फ का आनंद ले रहे हैं। पर्यटन नगरी में हालांकि बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। अधिकतर पर्यटक होटलों के प्रांगण में ही बर्फ के फाहों का आनंद ले रहे हैं।
मनाली में पर्यटकों की आमद कम हुई है। लेकिन ताजा बर्फबारी के बाद फिर से पर्यटन कारोबार गति पकड़ेगा। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बताया दो दिनों से मनाली में पर्यटकों की आमद घटी है। उन्होंने बताया बर्फ़बारी पर्यटन के लिए संजीवनी है। मौसम साफ होते ही एक बार फिर पर्यटकों का सैलाब उमड़ेगा और पर्यटन कारोबार गति पकड़ेगा।
पर्यटन नगरी में विंटर कार्निवाल की धूम मची हुई है। हालांकि मनुरंग शाला के इंडोर में सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धाएं सुचारू चली हुई है। लेकिन माल रोड में होने वाली गतिविधियों को रोकना पड़ा है।
उपायुक्त लाहुल स्पीति नीरज कुमार ने बताया कि घाटी में बर्फ़बारी का दौर जारी है। उन्होने बताया कि घाटी में सभी प्रकार वाहनों की आवाजाही बन्द है। उन्होंने ग्रामीणों से अग्रह किया कि भारी बर्फबारी को देखते हुए घरों से बाहर न निकलें।
इधर, एसडीएम मनाली डाक्टर सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि मनु रंगशाला में सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धाओ का दौर जारी है। उन्होंने पर्यटकों से आग्रह किया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं।
















