मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां नेशनल स्तर की होनहार कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की अपहरण के बाद बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर रोहटा रोड स्थित एक गंदे नाले से मृतका का कंकाल बन चुका शव बरामद किया है। इस वीभत्स हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
15 अप्रैल से लापता थी खिलाड़ी बेटी, डेढ़ महीने बाद खुला खौफनाक राज
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली अनुष्का गत 15 अप्रैल से अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। बेटी के घर न लौटने पर परेशान पिता ने कंकरखेड़ा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। करीब डेढ़ महीने बीत जाने के बाद भी जब स्थानीय पुलिस अनुष्का का कोई सुराग नहीं लगा पाई, तो थक-हारकर परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों से की।
अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद हरकत में आई पुलिस ने जब सर्विलांस और अन्य कड़ियों को जोड़ा, तो शक की सूई देहरादून के मूल निवासी श्याम धानक पर जाकर टिकी। पुलिस की एक टीम ने दबिश देकर आरोपी श्याम धानक को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया, जहां वह वारदात को अंजाम देकर छिपा हुआ था।
फास्ट फूड कॉर्नर पर ₹3600 का विवाद और एक मजाक बन गया मौत की वजह
पुलिस हिरासत में आते ही आरोपी श्याम धानक ने जो खुलासे किए, उसने पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ा दिए। पूछताछ में पता चला कि आरोपी रोहटा रोड पर एक फास्ट फूड कॉर्नर चलाता था। नेशनल खिलाड़ी अनुष्का अक्सर अपनी सहेली के साथ उसकी दुकान पर चाउमीन-बर्गर खाने जाती थी। इस दौरान दुकान के करीब 3600 रुपये बकाया हो गए थे।
पैसों के इसी बकाए को लेकर कुछ दिनों पहले अनुष्का और श्याम धानक के बीच तीखी बहस हुई थी। विवाद के दौरान अनुष्का ने श्याम पर मजाक में कोई टिप्पणी कर दी थी, जो आरोपी को नागवार गुजरी। श्याम धानक ने इस मजाक को अपनी तौहीन मान लिया और उसी रात अनुष्का की हत्या करने का खौफनाक ताना-बाना बुन डाला।
पहले जबरन पिलाई शराब, फिर ईंट से सिर कुचलकर नाले में फेंका शव
आरोपी ने कबूला कि 15 अप्रैल की रात उसने अनुष्का का अपहरण कर लिया। इसके बाद उसने सुनसान जगह पर ले जाकर अनुष्का को जबरन शराब पिलाई। जब वह बेसुध हो गई, तो आरोपी ने गुस्से में आकर एक भारी ईंट से अनुष्का के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। सिर पूरी तरह कुचल जाने के कारण अनुष्का ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी श्याम धानक ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अनुष्का की लाश को रोहटा रोड के पास एक गहरे नाले में फेंक दिया। इसके बाद वह दुकान बंद कर चंडीगढ़ फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नाले से कंकाल बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, अपहरण और साक्ष्य छिपाने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।










