
उत्तर प्रदेश की राजधानी में सर्दी का सितम लगातार बढ़ रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के असर से मैदानी इलाके भी कांप रहे हैं। पछुआ हवा चलने के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। दिन में धूप भी निकली‚ लेकिन उसमें तपिश नहीं थी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिन तक ठंड का प्रकोप इसी तरह से बना रहेगा। मौसम विभाग ने 40 जिलों में मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है।
राजधानी लखनऊ में मंगलवार से बर्फीली हवाएं चल रही हैं। इससे गलन बढ़ गई है। रात में निकले मुसाफिर ठिठुरते दिखाई दिए। लोगों ने ठंड दूर करने के लिए अलाव का सहारा लिया। न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है।
यूपी के उत्तर से पश्चिम के जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट
आंचलिक मौसम केन्द्र के निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर भारी बर्फबारी हो रही है। इस कारण मैदानी इलाकों में हाड़कंपा देने वाली ठंडी हवाएं चल रही हैं। यूपी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि कई जिलों में शीतलहर का कहर जारी रहेगा।
इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट
प्रदेश के प्रयागराज, फतेहपुर, वाराणसी, गोरखपुर, सुल्तानपुर, अयोध्या, अमेठी, बहराइच, हरदोई, रायबरेली, लखनऊ, बाराबंकी, उन्नाव, सीतापुर, कानपुर, बांदा, चित्रकूट, कन्नौज, आगरा, मथुरा, फर्रुखाबाद, हाथरस, अलीगढ़, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बागपत, शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, हापुड़, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, लखीमपुर और आसपास के इलाकों में शीतलहर की चेतावनी दी गई है।














