
सुलतानपुर. Sultanpur Weather Forecast. उत्तर प्रदेश में कोहरा, गलन और शीतलहर से निजात मिलने के फिलहाल कोई आसार नहीं है, बल्कि अगले 24 घंटे में ठंड के तेवर और तल्ख होने का अनुमान है। सुलतानपुर और आसपास के जिलों में बफीर्ली हवाओं और गलन के चलते न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सुलतानपुर में सोमवार को दिन की शुरुआत घने कोहरे और गलनभरी सर्दी से हुई। दोपहर करीब 11 बजे धूप निकलने के बाद लोगों को थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं के चलने से प्रचंड ठंड और घना कोहरा पड़ रहा है। ठंड के तेवर में कोई कमी नजर नहीं आ रही है।
आचार्य नरेन्द्रदेव कृषि एवं प्रद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विभाग के पर्वेक्षक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि अभी एक सप्ताह तक ठंड का कहर जारी रहेगा। इस दौरान शीतलहर के साथ कोहरे का प्रकोप बढ़ेगा। जिले की सापेक्षित आर्द्रता अधिकतम 100 और न्यूनतम 40 प्रतिशत रही। अगले 24 घण्टों में अनुमान है कि आसमान में बदली छाई रहेगी और कोहरा पड़ेगा। पश्चिमी हवाओं के चलने से ठंड और बढ़ेगी।
ठंड से ठिठुरे लोग
ठंड और कोहरे से सुलतानपुर सहित कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों के रेंग-रेंग कर चलने से कई स्थानों पर जाम जैसे हालात देखे जा रहे हैं। जिले में ठंड पड़ने का आलम यह है कि दिन ढलते ही सड़कों और बाजारों पर सन्नाटा पसर जाता है। हालांकि, गर्म कपड़ों और इलेक्ट्रिक उपकरण बेचने वाली दुकानों पर चहल-पहल रहती है।














