
नई दिल्ली
वेब सीरीज तांडव को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने के आरोप के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ऐमजॉन प्राइम वीडियो के अधिकारियों को तलब किया है। मंत्रालय ने ऐमजॉन प्राइम वीडियोज को इस बारे में नोटिस जारी कर सफाई मांगी है। बीजेपी सांसद मनोज कोटक और विधायक राम कदम ने सीरीज में हिंदुओं की भावनाओं का मजाक उड़ाने का लगाया था आरोप।
मंत्रालय ने लिया संज्ञान
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने वेब सीरीज ‘तांडव’ में हिंदू देवी-देवताओं का कथित तौर पर उपहास उड़ाने की शिकायतों का संज्ञान लिया है। मंत्रालय ने रविवार को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ऐमजॉन प्राइम वीडियो को नोटिस जारी कर सफाई मांगी है। रविवार को ही बीजेपी सांसद मनोज कोटक ने सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर को खत लिखकर ‘तांडव’ वेब सीरीज पर बैन की मांग की थी।
बीजेपी सांसद ने उठाए थे सवाल
बीजेपी सांसद मनोज कोटक ने सीरीज पर सवाल उठाते हुए कहा था लगातार वेब सीरीज के नाम पर ऐंटी हिंदू कॉन्टेंट परोसा जा रहा है जिसपर तुरंत रोक लगाए जाने की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि फिल्मों और वेब सीरीज में हिंदू देवी-देवताओं का मजाक उड़ाया जाता है जिससे हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचती हैं।
गौरव सोलंकी ने लिखी है सीरीज
आपको बता दें कि ‘तांडव’ में सैफ अली खान, डिंपल कपाड़िया, सुनील ग्रोवर, तिग्मांशु धुलिया, डीनो मोरिया, कुमुद मिश्रा, मोहम्मद जीशान अयूब, गौहर खान और कृतिका कामरा प्रमुख भूमिकाों में हैं। अली अब्बास जफर ने इसे डायरेक्ट किया है जबकि इसकी पटकथा ‘आर्टिकल 15’ फेम गौरव सोलंकी ने लिखी है।












