
मैनपुरी – गर्भवती महिलाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित की जा रही मातृ वंदन योजना का लाभ लेना अब और भी आसान हो गया है। अब लाभार्थी इस योजना का लाभ लेने के लिए घर बैठे ही पंजीकरण करा सकते हैं। ऑनलाइन होने के बाद विभाग स्वयं ही पहुंचकर जांच करवा लेगा। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा ईएमएमबीआई योजना के नोडल अधिकारी डॉ0 जीपी शुक्ला ने बताया कि घर बैठे योजना का लाभ लेने के लिए महिलाएं पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराएं या फिर हेल्पलाइन नंबर 79 9879 9804 पर फोन कर जानकारी ले सकती हैं।
सोमवार को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में बारे में जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 ए.के. पांडेय ने बताया कि कुछ महिलाएं ऑफिस तक आने में असमर्थ रहती थी। जिससे उनको इस योजना का लाभ नहीं मिल पाता था। लेकिन सरकार द्वारा इस योजना के लाभार्थियों को घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने की योजना लागू करने से सभी महिलाएं इस योजना का लाभ ले सकेंगी। आशा व एएनएम को भी जिम्मेदारी दी गई है कि सभी गर्भवती महिलाओं को जानकारी दें। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जिला कार्यक्रम समन्वयक अंजली सिंह ने बताया कि महिलाओं को अगर फॉर्म से संबंधित कोई समस्या या अन्य कोई जानकारी लेनी है तो वह मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय आकर सुबह 10 से 5 बजे के बीच उनसे संपर्क कर सकते हैं। इस योजना में 5000 रुपये तीन किस्तों में गर्भवती महिलाओं को मिलते हैं। योजना का लाभ लेने के लिए ‘‘पीएमएमबीबाई डेस सीएएस डॉट एनआईसी डॉट इन‘‘ में जाकर बेनिफिशियरी लॉगिन पर क्लिक करना होगा, इसके बाद फॉर्म डाउनलोड विकल्प के साथ सभी विकल्प आ जाते हैं। फॉर्म भरने के बाद फॉर्म सीधे उसके प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के पास पहुंच जाएगा और हम उसका सत्यापन करा लेंगे।
क्या है प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना
प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना गर्भवती महिलाओं के लिए है। इसमें 5000 रुपये तीन किस्तों में मिलते हैं। पहली किस्त 1000 रुपये गर्भावस्था होने के पंजीकरण के तुरंत बाद मिलती है। दूसरी किस्त 2000 रुपये गर्भावस्था के छह माह बाद लाभार्थी को दी जाती है। तीसरी किस्त 2 रुपये बच्चे के जन्म के बाद टीकाकरण चक्र पूरा होने के बाद दी जाती है।














