पूर्व सांसद अशोक तंवर ने आम आदमी पार्टी कार्यालय में की पत्रकार वार्ता


आदमपुर उपचुनाव से आप करेगी विजय का शंखनाद : अशोक तंवर
भास्कर समाचार सेवा
रोहतक,। आदमपुर विधानसभा उप चुनाव पर आम आदमी पार्टी प्रत्याशी भारी मतों से विजयी होगा। प्रदेश की जनता सभी दलों को आजमाकर देख चुकी है तथा आप ही जनता का अगला विकल्प होगी। यह बात आज पूर्व सांसद व आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक तंवर ने स्थानीय सोनीपत रोड़ स्थित पार्टी कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सबसे पहले आदमपुर से संघर्ष करने वाले कार्यकत्र्ता को मौका दिया है तथा आने वाले समय में आदमपुर से ही आप आदमपुर जीत का शंखनाद करेगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में आप का झाडू चल रहा है। अशोक तंवर ने कहा कि जिस तरह से दिल्ली व पंजाब में आप की झाडू चली है उसी तरह से गुजरात व हिमाचल प्रदेश में भी झाडू काम आयेगी। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद इन प्रदेशों में सही मायनों में आम आदमी पार्टी की सरकार गठित होगी तथा जनता के हितों के लिए कार्य करेगी।
अशोक तंवर ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में इंस्टालमेंट में चुनाव करवाने की घोषणा की है। भाजपा अपनी संभावित भारी हार से बौखलाई हुई है तथा इसीलिए ऐसा करके चुनावी गोटियां फिट करने में लगी हुई है तथा पार्टी सिंबल पर चुनाव लडऩे से भी पीछे हट रही है।
पूर्व सांसद ने कहा कि मंडियों व किसानों की हालत खराब है। मंडियों में आवक आ गई है तथा समय पर खरीद नहीं हो रही है। मंडियों के बाहर किसान अपनी ट्राली लगाकर खड़े हैं तथा बारिश के मौसम में उनकी फसलें खराब हो रही है। सरकार फसल खरीद की पुख्ता प्रबंध करे तथा किसानों को राहत दे। किसान अपना नंबर आने के लिए सडक़ों पर झगड़ रहे हैं। इस माहौल के लिए सीधे-सीधे किसान जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को आदमपुर विधानसभा चुनाव में चुनाव लडऩे के लिए उम्मीदवार नहीं मिल रहा है। कांग्रेस व भाजपा पार्टी लोगों का विश्वास खो चुकी है। जिसके चलते आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को भारी जनसमर्थन मिल रहा है। पार्टी ने संघर्षशील व ईमानदार व्यक्ति को चुनाव मैदान में उतारकर सबकी बोलती बंद कर दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आदमपुर से आम आदमी पार्टी का उम्मीदवार ही विजयी होगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से बिमल मिनोचा, नरेन्द्र कौशिक, बनवारी लाल, मनोज वशिष्ठ, सिकन्दर बल्हारा, श्याम सिलाना, गौतम मलिक, आजाद सिंह, मनोज कुमार आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...