पार्किंग में अधिक वसूली को लेकर उप मुख्यमंत्री को किया ट्वीट

पार्किंग में नहीं लगा रखा शुल्क वसूली का बोर्ड, प्राचार्य पर लगाए आरोप

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में अधिक शुल्क वसूली को लेकर शिकायत उप मुख्यमंत्री से ट्वीट के माध्यम से की गई है। कॉलेज के प्राचार्य पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। प्रवक्ता ने कहा, पार्किंग में शुल्क वसूलने की जिम्मेदारी ठेकेदारी की है, न कि मेडिकल कॉलेज की। शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत ने बताया, मेडिकल कॉलेज में नागरिकों से पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली अर्थात लूट की जा रही है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को ट्वीट कर शिकायत की है। कॉलेज प्राचार्य आरसी गुप्ता पर भी गंभीर आरोप लगाए है, कहा यह सब उनके संरक्षण में हो रहा है, क्योंकि प्राचार्य ने पार्किंग स्थल पर निर्धारित शुल्क और शिकायत हेतु फोन नंबर आदि का लिखा हुआ बोर्ड नहीं लगवाया हुआ है। बताया, बाइक वालों से दस के स्थान पर 20, जबकि कार वालों से 20 की जगह 50 रुपये का शुल्क अवैध तरीके से वसूला जा रहा है। एसकेडी अध्यक्ष रविकांत ने चेतावनी दी, इस लूट व घोटाले में शामिल सभी लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हो। अगर नहीं की गई तो वह प्रिंसिपल आॅफिस का घेराव करेंगे। उप मुख्यमंत्री के अलावा अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार, डीएम दीपक मीणा, कमिश्नर सेल्वा कुमारी से भी शिकायत की जाएगी।

प्रवक्ता बोले
इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता विष्णु दत्त पांडेय ने बताया, तीन माह पूर्व पार्किंग का टेंडर हुआ था। कॉलेज में गेट नम्बर-2 व एमरजेंसी के पास पार्किंग है। वाहन स्वामियों से जो शुल्क वसूला जा रहा है, वह पूरी तरीके से नियमनुसार है। ठेकेदार कितना शुल्क ले रहा है, इसकी जांच करना मेडिकल कॉलेज की जिम्मेदारी नहीं है।

प्राचार्य बोले
पार्किंग में अधिक रुपये वसूलने व बोर्ड न लगने की शिकायत उनके पास आयी थी। अगर पार्किंग में शुल्क वसूली का बोर्ड नहीं है, तो वह लगवा दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...