जीएसटी टीम की छापेमारी से आक्रोशित व्यापारियों ने किया धरना प्रदर्शन, शीघ्र कैंप लगाने के आश्वासन पर धरना समाप्त

भास्कर समाचार सेवा
किरतपुर । जीएसटी टीम के छापामारी से बाजार में हड़कंप मच गया ।दुकानदारों ने आनन-फानन में शटर बंद किए। व्यापारियों ने आक्रोश के चलते जीएसटी टीम का घेराव किया। डीसी आर पी सिंह के नेतृत्व में नजीबाबाद व बिजनौर की सचल व एस आई बी की टीम ने संयुक्त रूप से नगर में छापामारी की। जिससे व्यापारियों में आक्रोश फैल गया ।जो दुकानदार जीएसटी के दायरे में नहीं आते वह भी भयभीत होकर अपने प्रतिष्ठानों को बंद करके भाग खड़े हुए। इससे नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र से आए ग्राहकों को जरूरत का सामान खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ा । जीएसटी टीम की छापामारी से आक्रोशित व्यापारियों ने विभिन्न व्यापारी संगठनों के नेतृत्व में जीएसटी टीम का घेराव किया व डीसी आर पी सिंह से व्यापारियों के हित के लिए विस्तार से बातचीत की।जिस पर आर पी सिंह ने नगर में 16 दिसंबर को एक कैंप लगवाने का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर व्यापारियों ने घेराव समाप्त किया। इससे पूर्व व्यापारियों व जी एस टी अधिकारियों में बहुत बहस बाजी हुई। व्यापारियों का कहना था कि रोज-रोज जीएसटी टीम नगर में छापामारी कर रही है।जिससे व्यापारियों में भय का माहौल है ।डीसी आरपी सिंह ने मीडिया को बताया कि हम सरकार के आदेश पर कार्य कर रहे हैं ।जो व्यापारी संपूर्ण कागज़ात नहीं दिखा पा रहे हैं उसी के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है ।आप बिना भय के अपने प्रतिष्ठानों को खोलिए और 16 दिसंबर को एक कैंप लगाया जाएगा वहां व्यापारी अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं। टीम के साथ एसी निलेश कुमार ,वाणिज्य कर अधिकारी सत्यजीत ,सीटीओ राजेश कुमार आदि अधिकारी रहे। व्यापारियों की ओर से सुंदर गोयल, सतीश मेहरा ,शिवम सिंघल, जावेद अली ,तरह मकरानी , मुदस्सिर जमा खान, नवनीत मित्तल ,आबिद भाई ,अबरार अंसारी आदि गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे ।

खबरें और भी हैं...