लखनऊ में रिश्तों का कत्ल:  मौसा ने ही भांजी के साथ की दरिंदगी, रेप के बाद हत्या कर गोमती किनारे फेंकी नग्न लाश, CCTV ने खोला राज !

लखनऊ (मड़ियांव): राजधानी लखनऊ में रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी रूहानी वारदात सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। मड़ियांव इलाके में एक कलयुगी मौसा ने अपनी ही 17 वर्षीय नाबालिग भांजी के साथ न केवल दरिंदगी की, बल्कि राज खुलने के डर से उसकी हत्या कर शव गोमती नदी के किनारे फेंक दिया। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपहरण की झूठी कहानी भी रची, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की सख्ती के आगे उसका झूठ टिक नहीं सका।

दवा दिलाने के बहाने ले गया और फिर रची अपहरण की साजिश

जानकारी के मुताबिक, मृतका अपनी मौसी और मौसा कुलदीप के साथ मड़ियांव के धैला पुल के पास एक कॉलोनी में रहती थी। लड़की की मां का करीब 9 साल पहले निधन हो चुका था। बुधवार रात करीब 8 बजे आरोपी कुलदीप ने अपनी पत्नी से कहा कि वह दवा लेने जा रहा है और साथ में भांजी को भी ले गया। कुछ ही देर बाद उसने अपने साले (लड़की के भाई) को फोन कर बदहवास होकर बताया कि कुछ बदमाशों ने उसकी बहन का अपहरण कर लिया है और वह उनका पीछा कर रहा है।

नशे की हालत में मिला आरोपी, झाड़ियों में मिले भांजी के कपड़े

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि कुलदीप शराब के नशे में धुत होकर जमीन पर पड़ा था। आसपास तलाश करने पर उन्हें भांजी के कपड़े और अन्य सामान बिखरा हुआ मिला, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डीसीपी उत्तरी के मुताबिक, शुरुआती सूचना मिलते ही पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और घेराबंदी की।

सीसीटीवी ने खोली पोल: पीपा पुल की ओर जाते दिखे दोनों

पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की, तो आरोपी की कहानी झूठी साबित होने लगी। फुटेज में कुलदीप अपनी भांजी के साथ पीपा पुल की तरफ जाता हुआ दिखाई दिया, जबकि उसने अपहरण की जो लोकेशन बताई थी वह पूरी तरह अलग थी। पुलिस ने जब हिरासत में लेकर कुलदीप से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने कबूल किया कि अपहरण की बात महज एक ड्रामा था। उसने खुद ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।

नग्न अवस्था में मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

गुरुवार सुबह गोमती नदी के किनारे लड़की की लाश नग्न अवस्था में बरामद हुई। घटनास्थल की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या से पहले मृतका के साथ दुष्कर्म किया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी कुलदीप मूल रूप से पेंटिंग का काम करता है और गुजरात में रहता था। उसकी मुलाकात लड़की की मौसी से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जिसके बाद वह यहाँ रहने लगा था। फिलहाल पुलिस रेप और हत्या की धाराओं में जांच को आगे बढ़ा रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

44 − = 40
Powered by MathCaptcha