भोपाल में सनसनीखेज वारदात: लिव-इन पार्टनर के सिर पर हथौड़े से वार कर मरणासन्न किया, फिर बीच सड़क पर खुद का गला रेतकर दे दी जान

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सोनागिरी इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां चरित्र शंका के चलते एक व्यक्ति ने बीच सड़क पर अपनी लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। जब महिला लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गई और आरोपी ने उसे मृत समझ लिया, तो उसने खुद पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर आत्महत्या कर ली। इस खौफनाक मंजर को देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर तफ्तीश शुरू कर दी है।

चरित्र पर शक के चलते अक्सर होता था विवाद

मृतक की पहचान 50 वर्षीय लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था और सोनागिरी के सी सेक्टर स्थित झुग्गी बस्ती में रहता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि पत्नी की मौत के बाद लक्ष्मण पिछले कई सालों से कल्पना नाम की महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। हालांकि, लक्ष्मण अपनी पार्टनर के चरित्र पर शक करता था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार सुबह भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हुई, जो खूनी खेल में बदल गई।

तमाशबीन बने रहे लोग, राहगीर ने बनाया वीडियो

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर विवाद बढ़ने के बाद लक्ष्मण ने अचानक हथौड़ा निकाला और महिला के सिर पर दे मारा। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके तुरंत बाद लक्ष्मण ने एक तेज धारदार चाकू निकाला और खुद के गले पर 11 बार वार किए। इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा तो उसने अपने पेट में भी कई बार चाकू घोंप लिया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे एक राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया है। वीडियो में लोग पुलिस को फोन करने की बात तो कर रहे हैं, लेकिन आरोपी के हाथ में हथियार देखकर किसी की भी उसे रोकने या पास जाने की हिम्मत नहीं हुई।

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है महिला

पिपलानी थाना पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा और चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और घटना के वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है। वहीं दूसरी ओर, सिर पर हथौड़े के गंभीर वार से घायल हुई महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment