
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ एक पत्नी ने अपने ही सुहाग की जान लेने के लिए क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। महिला ने पति को तड़पा-तड़पा कर मारने की रोंगटे खड़े कर देने वाली साजिश रची, लेकिन ऐन वक्त पर परिजनों के पहुँचने से उसकी योजना नाकाम हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है, वहीं लहूलुहान और झुलसी हालत में पति कानपुर के अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
मलवां की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि औंग में हुआ खौफनाक कांड
फतेहपुर में पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली यह दूसरी सनसनीखेज घटना है। अभी कुछ दिन पहले ही मलवां थाना क्षेत्र में एक पत्नी द्वारा अपने पति पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था, जिसमें पति की मौत हो गई थी। अब औंग थाना क्षेत्र में एक और पत्नी पर अपने पति की बेरहमी से हत्या के प्रयास का संगीन आरोप लगा है। इस बार हैवानियत का तरीका और भी ज्यादा खौफनाक था, जहाँ पहले डंडों से सिर फोड़ा गया और फिर तड़पाने के लिए करंट का इस्तेमाल किया गया।
घर में घुसते ही डंडों से किया हमला, लहूलुहान कर चारपाई से बांधा
यह दिल दहला देने वाली वारदात औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव की है। पीड़ित संजीव तिवारी पेशे से हलवाई का काम करते हैं। परिजनों के मुताबिक, संजीव रोज की तरह अपना काम खत्म कर थक-हारकर घर लौटे थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि घर के भीतर उनकी मौत उनका इंतजार कर रही है। आरोप है कि संजीव जैसे ही कमरे के भीतर दाखिल हुए, उनकी पत्नी रन्नो देवी ने बिना कुछ सोचे-समझे भारी डंडे से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस वार से संजीव संभल नहीं पाए और लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद रन्नो ने उन्हें घसीटकर चारपाई से कसकर बांध दिया।
पत्नी ने शरीर पर लपेट दिया बिजली का नंगा तार, चीख सुनकर दौड़े परिजन
वारदात की जो तस्वीर सामने आई, वह रूह कंपा देने वाली है। सिर पर लगातार डंडों के वार से संजीव अधमरे हो चुके थे, लेकिन पत्नी का दिल इसके बाद भी नहीं पघला। उसने पति को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की नीयत से बिजली का नंगा तार संजीव के शरीर पर लपेट दिया और स्विच ऑन कर दिया।
कमरे के भीतर से आ रही संजीव की चीख-पुकार और तड़पने की आवाज जब घर के अन्य सदस्यों के कानों में पड़ी, तो वे भागकर कमरे की तरफ दौड़े। जब उन्होंने दरवाजा खोला तो भीतर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। संजीव चारपाई से बंधे करंट से तड़प रहे थे और पत्नी तमाशा देख रही थी। परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बिजली का कनेक्शन काटा, तार हटाया और संजीव को आनन-फानन में अस्पताल लेकर भागे।
कानपुर रेफर किए गए संजीव, जिले में लगातार हो रही घटनाओं से दहशत
डॉक्टरों ने संजीव की हालत को बेहद नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत जिला अस्पताल और फिर वहां से हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया है। संजीव की हालत अभी भी अत्यंत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी पत्नी रन्नो देवी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घरेलू विवाद समेत सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में लगातार पत्नियों द्वारा पतियों पर हो रहे इन जानलेवा हमलों ने स्थानीय लोगों के बीच चिंता और बहस छेड़ दी है।











