
चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश के चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हणोगी टनल में गुरुवार सुबह करीब पौने 8 बजे दो ट्रकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद टनल के अंदर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे की पुष्टि डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने की है।
दुर्घटना के कारण चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस और राहत-बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य चलाया और यातायात को सामान्य कराया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दोनों ट्रकों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।