CM Yogi Statement: ‘देश को अराजकता और अलगाववाद की भट्टी में झोंकने की साजिश’, सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, कही यह बड़ी बात

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश विरोधी और संकीर्ण मानसिकता वाली राजनीतिक ताकतों के खिलाफ तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपने विचार साझा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज जब पूरा विश्व हिंसा और अस्थिरता से जूझ रहा है, तब भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोकतांत्रिक स्थिरता, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक चेतना के साथ आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में कुछ राजनीतिक ताकतें सत्ता के स्वार्थ में देश को अस्थिरता, अराजकता और अलगाववाद की भट्टी में झोंकने का षड्यंत्र रच रही हैं और वैश्विक मंचों पर भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही हैं।

‘पीएम मोदी के नेतृत्व में लिखा जा रहा आर्थिक शक्ति का नया अध्याय’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व में भारत ने वैश्विक पटल पर अपनी आर्थिक शक्ति का नया अध्याय लिखा है। आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी है और आत्मनिर्भरता, नवाचार (Innovation) तथा विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ ‘नए भारत’ में लोकतंत्र की जड़ें और अधिक मजबूत हुई हैं।

नीति-निर्माण के केंद्र में आम जनता, गरीब कल्याण और अंत्योदय प्राथमिकताओं में

सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि आज सरकार की नीतियों के केंद्र में आम जनता है। गरीब कल्याण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, अंत्योदय आत्मनिर्भरता का आधार बन चुका है और जनभागीदारी विकास को एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप दे रही है। उन्होंने कहा कि आस्था, अस्मिता और आत्मविश्वास से परिपूर्ण नए भारत में सामाजिक न्याय, नारी सशक्तिकरण, डिजिटल नवाचार और आर्थिक समृद्धि की अपार संभावनाएं साकार हो रही हैं।

वैश्विक मंचों पर छवि धूमिल करने वालों को करारा जवाब

देश विरोधी तत्वों को चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संकीर्ण स्वार्थ में डूबी ताकतें चाहे जितनी भी कोशिश कर लें, भारत अपने विकास के लक्ष्य के प्रति अडिग संकल्प के साथ लगातार आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय हितों को ताक पर रखकर देश की प्रगति में बाधा डालने की हर साजिश को देश की जनता नकार चुकी है और भारत का यह महायज्ञ अनवरत जारी रहेगा।

‘विकसित भारत’ के निर्माण में उत्तर प्रदेश निभा रहा मुख्य भूमिका

इस राष्ट्रीय विकास यात्रा में उत्तर प्रदेश के योगदान का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यूपी अपनी विशाल कृषि क्षमता, विस्तृत होते औद्योगिक आधार, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और अपार युवा शक्ति के बल पर कृषि से विनिर्माण तक और निवेश से लेकर रोजगार सृजन तक, हर क्षेत्र में प्रगति को गति दे रहा है। उन्होंने दोहराया, “हमारा संकल्प अटल है—राष्ट्रहित सर्वोपरि, राष्ट्रीय एकता अक्षुण्ण और विकास की गति अविराम। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भारत की प्रगति का यह सफर जारी रहेगा।” 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha