
लखनऊ : कोरोना वायरस का संक्रमण यूपी में डराने लगा है। यूपी में रविवार को कोरोना के मामलों ने अब तक के सारे रेकॉर्ड तोड़ दिए। प्रदेश में पिछले 24 घंटों में 2250 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मामलों की कुल संख्या 18256 हो गई है। प्रदेश में अब तक कोरोना से कुल 29845 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं इस महामारी से अब तक 1146 लोगों की मौत भी हुई है।
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि शनिवार को प्रदेश में 44,123 सैंपल्स की जांच की गई है। अब तक प्रदेश में कुल 14,70,426 सैंपल्स की जांच की गई है। बताया कि कल 5-5 सैंपल के 3046 पूल और 10-10 सैंपल के 323 पूल लगाए गए। 5-5 सैंपल के 3046 पूल में से 530 में पॉजिटिविटी देखी गई और 10 सैंपल के 323 पूल में से 21 में पॉजिटिविटी देखी गई।
लखनऊ में एक दिन में 384 लोगों में मिला वायरस
उत्तर प्रदेश में कोरोना की स्थिति भयावह बनी हुई है। रविवार को राजधानी में एक बार फिर कोरोना का रिकॉर्ड टूटा। एक दिन में 384 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है। बीते दिन मंत्री-आइपीएस अफसर समेत 224 में कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं, अब शहर में कुल 3915 कोरोना संक्रमित हो गए हैं। जबकि 48 लोगों की मौत हो चुकी है। मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने के लिए जद्दोजहद भी करनी पड़ रही है। मरीजों की घंटों अस्पताल में शिफ्टिंग नहीं हो पा रही है।
तीन लखनऊ व एक बिहार के मरीज की मौत
राजधानी के मालवीय नगर निवासी 36 वर्षीय पुरुष की तबियत खराब हो गई। उसकी जांच में काेरोना की पुष्टि हुई। 16 जुलाई को मरीज को केजीएमयू भर्ती कराया गया। संस्थान के प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह के मुताबिक मरीज में डायबिटीज व बीपी की समस्या थी। ऐसे में कार्डियो पल्मोनरी अरेस्ट हो गया। वेंटिलेटर पर इलाज के दरम्यान मरीज की सांसें थम गईं। वहीं लाल कुआं निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग को लोकबंधु से निजी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसी दरम्यान उसकी मौत हो गई। वहीं शहर निवासी 64 वर्षीय मरीज को 16 जुलाई को भर्ती कराया गया शनिवार को उसकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज में पहुंची मरीज को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजधानी में कोविड से मृतकों की संख्या अब 48 पहुंच गई है। इसके अलावा एक बिहार निवासी 47 वर्षीय महिला की भी मौत हो गई।
मंत्री व आइपीएस अफसर समेत 224 को कोरोना
राजधानी में शनिवार को मंत्री व आइपीएस अफसर समेत 224 लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई है। आइपीएस नवनीत सिकेरा को भी कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं राज्यमंत्री कमल रानी वरुण की जांच सिविल अस्पताल में हुई है। उन्हें पीजीआइ में भर्ती कराने का फैसला लिया गया है। नवनीत सिकेरा को आनंदी वाटर पार्क के कोविड सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं कुल 224 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। जिसमें इंदिरानगर के आठ, गोमतीनगर के 15, एलडीए कॉलोनी के तीन, आइआइएम रोड के तीन, पारा के दो समेत अन्य मरीज हैं। अब तक कुल 3531 मामले हो चुके हैं। वहीं 139 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं।
कर्मचारी में मिला कोरोना, सीएमओ दफ्तर बंद
सीएमओ कार्यालय में एक और कर्मचारी संक्रमण की चपेट में आ गया। यह डाटा फीडिंग का काम करता था। वहीं पांच दिन से जुकाम-बुखार था। ऐसे में दफ्तर को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया।सीएमओ कार्यालय में कर्मचारियों में भी संक्रमण बढ़ रहा है। सप्ताह भर में दूसरे कर्मचारी में वायरस की पुष्टि हुई है। इसमें जुकाम-बुखार की समस्या थी। ऐसे में छुट्टी पर भेज दिया गया। शनिवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ऐसे में दफ्तर में हड़कंप मच गया। उसके संकर्प में आए आठ लोगों को क्वारंटाइन में भेजा गया। वहीं सुबह उच्चाधिकारी भी कार्यालय निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। उनमें भी संक्रमण का भय पसरा रहा।
प्रदेश में 30784 कंटेनमेंट इलाके
यूपी के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद कहा कि प्रदेश में अब तक सर्विलांस से 30784 कंटेनमेंट इलाकों में 1,26,31,642 घरों का सर्विलांस किया गया है। इसमें 6,43,77,426 लोग रहते हैं।
एक दिन पहले आए थे 1986 मामले
उत्तर प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1986 मामले सामने आए थे, जबकि 24 लोगों की मौत हुई थी। शनिवार तक राज्य के विभिन्न चिकित्सालयों और मेडिकल कालेजों के आइसोलेशन वार्ड में 17, 267 लोग भर्ती थे। क्वारंटीन सेंटरों में 4115 लोग थे, जिनके सैम्पल लेकर जांच की जा रही है। शुक्रवार को राज्य में 46, 769 सैम्पल की जांच की गई थी।












