
भास्कर समाचार सेवा
हाथरस/सिकंदराराव। जिले के कोतवाली सिकंदराराव क्षेत्र के गांव बरतर खास के पास गंगा स्नान के लिए जा रही ईको गाड़ी ट्रक से टकरा गई। इस सड़क हादसे में 9 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। घायल श्रद्धालुओं को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। जहां डाक्टरों ने तीन श्रद्धालुओं को अलीगढ़ मेडिकल रेफर कर दिया है।
मामला कोतवाली सिकंदराराव क्षेत्र के गांव बरतर खास के पास का है। शनिवार की देर रात कुछ श्रद्धालु ईको गाड़ी से जयपुर से गंगा स्नान के लिए सोरों जा रहे थे। जैसे ही गाड़ी सिकंदराराव क्षेत्र के गांव बरतर खास के निकट पहुंची, ड्राइवर को अचानक नींद आ गई। जिससे गाड़ी ट्रक में जा घुसी। हादसे में 9 श्रद्धालु घायल हो गए।

घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। घायलों में पचोरन, बबलू, कानू, भूरी, भूमि, गीता और दन्नी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। जहां 3 श्रद्धालुओं की स्थिति गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उन्हें अलीगढ़ मेडिकल रेफर कर दिया है।













