चमोली : उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बेहद दुखद और दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां नारायणबगड़ के सरकारी अस्पताल परिसर में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की एक जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबने से अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी की मौत हो गई। इस अचानक हुए हादसे से पूरे क्षेत्र के स्थानीय लोग, व्यापारी और स्वास्थ्य कर्मी गहरे सदमे में हैं।
यह हादसा उस समय हुआ जब अस्पताल परिसर में क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवॉल के मरम्मत का कार्य चल रहा था। दरअसल, बीते 25 जून को हुई भारी बारिश के कारण बहकर आए मलबे से यह दीवार काफी क्षतिग्रस्त और अंदर से खोखली हो चुकी थी।
शनिवार को चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी खुद मौके पर मौजूद रहकर इस मरम्मत कार्य का जायजा ले रहे थे, तभी वह कमजोर दीवार अचानक उनके ऊपर आ गिरी और वे मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए।
हादसे की आवाज सुनते ही अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी और स्थानीय व्यापारी तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्परता से बचाव कार्य में जुट गए। डॉ. डिमरी को मलबे से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल लाया गया, जहां डॉ. रिया घिल्डियाल ने उनकी स्थिति को बेहद गंभीर और चिंताजनक बताया।
प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉ. डिमरी के इस तरह अचानक चले जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।














