
लूट के दौरान लुटेरों से भिड़ गई थी वृद्धा की पोती, वीडियो हो गया था वायरल
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। लालकुर्ती मोहल्ले में वृद्धा से कुंडल लूटने वाले बदमाशों को पुलिस ने देर रात्रि मुठभेड़ में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटा गया कुंडल भी बरामद कर लिया। लूट के दौरान बदमाशों से वृद्धा की पोती भिड़ गई थी, जिसने साहस का परिचय देते हुए एक कुंडल लुटेरों से छीन लिया था। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी घटनास्थल पहुंच गए थे। साहसी लड़की को सपा नेताओं ने सम्मानित किया है।
गौरतलब है, मोदीनगर निवासी वृद्धा संतोष देवी (80) अपनी पोती रिया (22) रिया संग अपने देवर से मिलने के लिए लालकुर्ती में छोटा बाजार आयी थी। शाम पांच बजे के आस-पास वे दोनों घर की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने वृद्धा के कानों में लगे कुंडलों को लूट लिया। भागते समय बदमाशों से रिया भिड़ गई। उसने बदमाशों को सड़क पर गिरा लिया और लूटा गया एक कुंडल छिन लिया। इस दौरान लोग तमाशबीन बने रहें, किसी ने भी लुटेरों को पकड़ने का प्रयास नहीं किया। बदमाश एक कुंडल लेकर फरार हो गए। वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। सूचना पाकर एसएसपी रोहित सिंह साजवाण भी घटनास्थल पहुंच गए। उन्होंने टीम गठित कर बदमाशों को पकड़ने के निर्देश दिए। पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और बदमाशों का पीछा किया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने बदमाशों को देर रात्रि बुचड़ी रोड के पास घेर लिया। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर किया। पुलिस टीम द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ फायरिंग में दोनों बदमाशो के पैर में गोली लगी गई। पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम शिवम निवासी रामनगर कंकरखेड़ा और सचिन निवासी पल्लवपुरम बताया। जिनके द्वारा घटना करना स्वीकार कर लिया गया।
सपा नेताओं ने किया रिया को सम्मानित
लूट करने वालों से भिड़ने वाली रिया के घर रविवार सुबह सपा नेता शैंकी वर्मा राजपूत अपने साथियों संग पहुंच गए। रिया को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। सपा नेता ने कहा, रिया ने पूरे प्रदेश को बता दिया कि बेटियां बेचारी नहीं होती। रिया को शाबाशी देते हुए कहा, हमेशा विषम परिस्थितियों में अपने साहस के साथ उन परिस्थितियों का डटकर सामना करना चाहिए, हमेशा निडर रहना चाहिए। शैंकी वर्मा ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई की भी प्रशंसा की। इस मौके पर जीतू नागपाल, अभिषेक, वरुण अग्रवाल, मोहित सूद आदि मौजूद रहें।













