मुरैना में बड़ा रेल हादसा: ‘आग लगी है’ की अफवाह ने ली 4 लोगों की जान, ट्रैक पर उतरते ही दूसरी ट्रेन ने रौंदा

मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगने की एक झूठी अफवाह ने देखते ही देखते चार लोगों की जिंदगी छीन ली। अफरा-तफरी के बीच ट्रैक पर उतरे यात्रियों को यह अंदाजा भी नहीं था कि बगल की पटरी पर मौत तेज रफ्तार में उनकी ओर बढ़ रही है।

कैसे हुआ यह हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन हेतमपुर स्टेशन के पास से गुजर रही थी। तभी अचानक ट्रेन के अंदर किसी ने चिल्लाना शुरू कर दिया कि ‘आग लग गई है’। इस अफवाह के फैलते ही बोगी के भीतर यात्रियों में हड़कंप मच गया। अपनी जान बचाने की आपाधापी में यात्री बिना कुछ सोचे-समझे ट्रेन से कूदने लगे और सीधे रेलवे ट्रैक पर आ गए।

दूसरी ट्रेन बनी काल

रेलवे ट्रैक पर उतरने वाले यात्रियों को यह नहीं पता था कि दूसरी पटरी पर पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन बहुत तेज रफ्तार से आ रही है। ट्रैक पर अफरा-तफरी के बीच खड़े लोगों को पातालकोट एक्सप्रेस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह और अचानक था कि संभलने का मौका ही नहीं मिला। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

चश्मदीद ने सुनाई आपबीती

घटना की चश्मदीद एक महिला यात्री ने बताया, “ट्रेन चलते समय अचानक किसी ने चेन पुलिंग की और शोर मचाया कि आग लग गई है। जिसके बाद यात्री जान बचाने के लिए नीचे कूदने लगे। लोग घबराकर पटरी पार कर रहे थे, तभी सामने से पातालकोट एक्सप्रेस आ गई। इसी चपेट में एक पूरा परिवार—पति, पत्नी और उनके दो बच्चे भी आ गए।”

प्रशासन की जांच शुरू

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है। रेलवे और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि ट्रेन में आग लगने की यह अफवाह किसने फैलाई और इसके पीछे की असली मंशा क्या थी। फिलहाल प्रशासन इस बात की गहन जांच कर रहा है कि यह कोई साजिश थी या महज एक खतरनाक गलतफहमी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment