दिल्ली में कार्यरत टीवी एंकर की पत्नी की गला रेतकर हत्या, इलाके में मची सनसनी

इटावा । जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रहने वाले टीवी एंकर की पत्नी की घर मे घुसकर गला रेतकर हत्या कर दी गयी। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है।

इटावा के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटरा बल सिंह में टीवी एंकर अजितेश मिश्रा परिवार के साथ रहते हैं। अजितेश इन दिनों एक निजी न्यूज चैनल में दिल्ली में टीवी एंकर के रुप में कार्यरत है। उनकी पत्नी दिव्या अपने सास, ससुर के साथ इटावा में रहती थी। सोमवार को घर में घुसे अज्ञात व्यक्ति ने टीवी एंकर की पत्नी दिव्या की गला रेतकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच पड़ताल में जुट गई है।

मृतक महिला के ससुर प्रमोद मिश्रा ने बताया कि पत्नी अपनी रिश्तेदार के यहां गई हुई थी और घर पर बहू और वह अकेले थे। दोपहर को वह घर से टहलने के लिए बाहर चले गए, जब लौटकर आये तो उन्हें घर का मैन दरवाजा खुला मिला। मकान की तीसरी मंजिल पर जाकर देखा तो उनकी बहू दिव्या की रक्तरंजित लाश जमीन पर पड़ी हुई थी।

मामले की जांच पड़ताल करने पहुंचे पुलिस अधीक्षक नगर रामयश सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि थाना कोतवाली क्षेत्र में महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गयी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वाड की टीम घटना के साक्ष्य जुटा रही हैं। वारदात किसने व क्यों अंजाम दी इसका जल्द खुलासा किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

30 − 22 =
Powered by MathCaptcha