मुंबई: महाराष्ट्र के मीरा रोड इलाके में दो हिंदू सिक्योरिटी गार्ड्स पर हुए जानलेवा हमले ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। आरोपी जैब जुबैर अंसारी (31) द्वारा गार्ड्स से कलमा पढ़ने के लिए कहने और इनकार करने पर हमला करने की घटना अब एक बड़े आतंकी षड्यंत्र की ओर इशारा कर रही है। मामले की गंभीरता और आतंकी संलिप्तता के शक को देखते हुए इसकी जांच महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने अपने हाथ में ले ली है।
ATS की ताबड़तोड़ छापेमारी: बरामद हुए संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
जांच का जिम्मा मिलते ही एटीएस ने मुंबई और ठाणे के तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। कुर्ला और मीरा रोड स्थित आरोपी के ठिकानों से मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट और पेन ड्राइव जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, इन डिवाइसों में कट्टरपंथी कंटेंट और भड़काऊ वीडियो मिलने की बात सामने आई है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या वह किसी सीमा पार हैंडलर के संपर्क में था।
हाथ से लिखे नोट्स में मिला ‘लोन वुल्फ’ और ‘ISIS’ का जिक्र
तलाशी के दौरान जुबैर के घर से हाथ से लिखे कुछ संदिग्ध नोट्स मिले हैं, जो बेहद चौंकाने वाले हैं। इन नोट्स में आरोपी ने कथित तौर पर इस हमले को किसी आतंकी संगठन में शामिल होने की दिशा में अपना “पहला कदम” बताया है। नोट्स में “ISIS”, “जिहाद”, “गाजा” और “लोन वुल्फ” जैसे शब्दों का बार-बार इस्तेमाल किया गया है।
बरामद नोट्स में लिखा था— “LONE WOLVES WILL POUNCE ON YOU, You mushrikeen will see real jihad in bilad Hind from now!” (लोन वुल्फ तुम पर झपटेंगे, तुम मुशरिक अब हिंद की धरती पर असली जिहाद देखोगे!)
इसके अलावा, कुछ वाक्यों में गाजा की आजादी और परिवार को छोड़ने जैसी असंगत बातें भी लिखी थीं, जो उसके गहरे रेडिकलाइजेशन (कट्टरपंथ) की ओर इशारा करती हैं।
साइंस ग्रेजुएट और अमेरिका रिटर्न है आरोपी जुबैर
पुलिस जांच में आरोपी की पृष्ठभूमि ने सबको हैरान कर दिया है। जुबैर अंसारी मुंबई के कुर्ला का रहने वाला है और वह एक साइंस ग्रेजुएट है। वह कई वर्षों तक अमेरिका में रह चुका है, जहां उसका परिवार आज भी निवास करता है। अमेरिका में नौकरी न मिलने के कारण वह कुछ साल पहले भारत लौटा था। फिलहाल वह मीरा रोड में अकेला रहकर ऑनलाइन केमिस्ट्री की क्लासेस लेता था। एटीएस अब उसके अमेरिका प्रवास के दौरान की गतिविधियों और वहां उसके संपर्क में आए लोगों की भी कुंडली खंगाल रही है।
क्या था पूरा मामला?
यह घटना 27 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे मीरा रोड के नयानगर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत में हुई। आरोपी ने कथित तौर पर ड्यूटी पर तैनात दो हिंदू गार्ड्स से उनका नाम-धर्म पूछा और उन पर मजहबी दबाव बनाया। इनकार करने पर उसने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायलों में राजकुमार मिश्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। नयानगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से महज डेढ़ घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया था।












