
बंगरा(झांसी) समीपस्थ स्थित ग्राम पंचायत पठाकरका के माते खिरक और चौकरी के बीच स्थित नदिया में आज सुबह एक महिला का बुरी तरह से जला हुआ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। विवरण में पता चला है कि आज सुबह जब माते खिरक व चौकरी के किसान अपने खेत पर पहुंचे तो देखा कि नदिया के ऊपर बंध पर काफी दूर तक भीषण आग का निशान है। नजदीक जाकर देखा तो वहां लाश पडी मिली। ग्रामवासियों ने ग्राम प्रधान को सूचित किया वहीं ग्राम प्रधान पठाकरका डॉ जगदीश कुशवाहा ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना उल्दन पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर नदिया के नीचे मृतका बुरी तरह से जली हुई मिली। मृतका के हाथ व पैर जले हुए अलग अलग पडे मिले वहीं शरीर एक लोथडे के रूप में मिला। चेहरा व बालों से अनुमान लगाया गया है कि मृतका विवाहित है व लगभग 35 से 40 वर्ष की आयु की बताई गई है।

घटनास्थल के पास स्थित खेत में शराब, बीयर की केन मिली व नमकीन के पैकेट, जला मोबाइल, मिले। वहीं पर महिला की लाल रंग की साडी का टुकडा या दुपट्टा खेत के तारों में फंसा हुआ मिला। खेत में ही महिला की काले रंग की चप्पल मिली। मौके की परिस्थितियों के अनुसार सम्भावना जताई जा रही है कि मृतका को कुछ लोग बाहर से लेकर आये और उसके साथ कोई अनहोनी कर उसकी हत्या कर दी व सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया।देर शाम मृतका की पहचान बंगरा निवासी श्रीमती लाडकुंवर कुशवाहा उर्फ लवली मौर्या पत्नी मोहनलाल कुशवाहा हलवाई के रूप में हुई। मृतका के पति पुत्रों ने पायल, अंगूठी, साडी, चप्पल से पहचान लिया है।
परिजनों ने पुलिस को बताया है कि मृतका कल शाम सात बजे फोन पर बात करते हुए घर से निकली और वापस नहीं लौटी जब पठाकरका में महिला का जला शव मिलने की सूचना मिली तो परिजनों ने उसे पहचान लिया है। परिजनों का आरोप है कि मृतका को ले जाकर उसकी हत्या कर शव को जला दिया गया है। फिलहाल सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी टहरौली आसमा वकार, प्रभारी निरीक्षक थाना उल्दन जयप्रकाश सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना सकरार पप्पू सिंह, थानाध्यक्ष बरूआसागर प्रकाश सिंह, पुलिस चौकी प्रभारी बंगरा गोकुल सिंह , मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे साथ ही फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची व जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया है। पुलिस टीम बारीकी से जांच में जुटी हुई है।
– मामले के खुलासे के लिए दो टीमें गठित की गई है – प्रीति सिंह,
– मामले में पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने बताया है कि थाना उल्दन क्षेत्र के पठाकरका व चौकरी के बीच स्थित नदिया में एक महिला का बुरी तरह से जला हुआ शव मिला है। मृतका की पहचान बंगरा निवासी लाडकुंवर कुशवाहा के नाम हुई है। मौके पर फोरेंसिक मोबाइल टीम व जांच टीम द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्य इकठ्ठा किये जा रहे हैं। घटना का शीघ्र खुलासा करने के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया है।
– छै साल पहले कचनेव के जंगल में मिली थी महिला की जली हुई लाश,
– विकास खंड बंगरा क्षेत्र अंतर्गत पहले भी बंगरा से कटेरा रोड पर स्थित कचनेव जंगल में 26 नवंबर 2020 को महिला का जला हुआ शव मिला था। काफी प्रयास के बाद भी उक्त महिला की शिनाख्ती नहीं हो पाई थी।









