लखनऊ में एक और नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मानसी का फंदे पर मिला शव, पति सागर राजपूत समेत 6 पर दहेज हत्या का केस

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बार फिर दिल दहला देने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। भोपाल की मॉडल ट्विशा शर्मा और लखनऊ की श्वेता सिंह की मौत के बाद अब एक और नवविवाहिता दहेज लोभियों की बलि चढ़ गई। लखनऊ के सआदतगंज इलाके में मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मानसी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मानसी का शव उनके ससुराल में फांसी के फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतका के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर कार की डिमांड पूरी न होने पर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है।

कानपुर की मानसी की लखनऊ के स्टार इन्फ्लुएंसर सागर से हुई थी शादी

यह दुखद दास्तां कानपुर के टीपी नगर बगाही इलाके से शुरू होती है। यहां के निवासी सुनील कुमार वर्मा ने अपनी भतीजी मानसी की शादी 9 दिसंबर 2024 को लखनऊ के सआदतगंज निवासी सागर राजपूत से बड़े ही धूमधाम से की थी। आरोपी पति सागर राजपूत खुद सोशल मीडिया पर काफी मशहूर है और इंस्टाग्राम पर उसके करीब 7.93 लाख फॉलोअर्स हैं।

मृतका मानसी भी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहा करती थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि शादी के वक्त उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक करीब 7 लाख रुपये कैश, भारी-भरकम तिलक और घर की जरूरत का सारा सामान दिया था। लेकिन लालची ससुराल वालों की नीयत इस पर भी नहीं भरी।

कार की मांग को लेकर प्रताड़ना: पति, सास-ससुर और ननद पर केस दर्ज

मायके पक्ष द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, शादी के कुछ दिनों बाद से ही मानसी को कम दहेज लाने के ताने दिए जाने लगे थे। पति सागर, ससुर राजेश, ननदोई अनु, ननद बरखा व चांदनी और बुआ सास आशा मिलकर लगातार अतिरिक्त दहेज के रूप में एक लग्जरी कार की डिमांड कर रहे थे। जब मानसी ने असमर्थता जताई, तो उसे बेरहमी से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

मानसी ने रोते हुए कई बार फोन पर अपने परिवार को इस जुल्म और टॉर्चर की दास्तां सुनाई थी। बेटी का घर बचाने के लिए परिजनों ने कई बार लखनऊ आकर ससुराल वालों को समझाने और समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन पैसों और कार की हवस के आगे उनकी हर मिन्नत नाकाम रही।

परिजनों का सीधा आरोप— हत्या के बाद शव को सुसाइड दिखाने के लिए लटकाया

शनिवार को परिजनों के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उन्हें अन्य रिश्तेदारों के माध्यम से सूचना मिली कि उनकी बेटी ने फांसी लगा ली है। कानपुर से भागे-भागे लखनऊ पहुंचे मायके वालों ने आत्महत्या की बात को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका सीधा आरोप है कि कार की मांग पूरी न होने से बौखलाए ससुराल वालों ने पहले मानसी को बेरहमी से मौत के घाट उतारा और फिर इस जघन्य अपराध को सुसाइड (आत्महत्या) का रूप देने के लिए उसके शव को फंदे से लटका दिया।

क्या कहती है लखनऊ पुलिस? सआदतगंज इंस्पेक्टर का बयान

इस पूरे हाई-प्रोफाइल मामले पर सआदतगंज थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) संतोष आर्या ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी पति सागर राजपूत समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस की टीमें मामले की हर एंगल से गहनता से तफ्तीश कर रही हैं। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फॉरेंसिक व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha