तबाही के बीच चमत्कार: नेपाल में मलबे में 3 दिन दबी रही 6 साल की मासूम, रोने की आवाज सुन जवानों ने ऐसे बचाई जान

नेपाल के रसुवा जिले से एक हैरान कर देने वाली और राहत भरी खबर सामने आई है। टिमुरे इलाके में भोटेकोशी नदी के तांडव और तबाही के बाद मलबे में दबी एक 6 साल की मासूम बच्ची को तीन दिन बाद जिंदा बाहर निकाल लिया गया है। सशस्त्र पुलिस बल ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू किया। तीन दिनों तक बिना खाए-पिए मिट्टी और मलबे के नीचे दबे रहने के बावजूद बच्ची का सकुशल बचना किसी बड़े चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।

चीख सुनकर हरकत में आए बचाव दल के जवान

भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण रसुवा जिले के टिमुरे क्षेत्र में भारी तबाही मची थी, जिससे कई मकान ढह गए और लोग मलबे में दब गए। सशस्त्र पुलिस बल (APF) की टीम लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई थी। इसी दौरान मलबे के ढेर के नीचे से जवानों को अचानक एक बच्ची के रोने की हल्की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही पुलिस जवानों ने बिना एक पल गंवाए मलबा हटाना शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद मासूम को सकुशल बाहर निकाल लिया।

खराब मौसम के कारण टला एयरलिफ्ट, अब काठमांडू में इलाज जारी

रेस्क्यू के तुरंत बाद बच्ची को टिमुरे स्थित सशस्त्र पुलिस बल की सीमा चौकी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति काफी नाजुक बताई। हालत बिगड़ती देख उसे शुक्रवार शाम को ही हेलिकॉप्टर से काठमांडू एयरलिफ्ट करने की कोशिश की गई, लेकिन खराब मौसम और रात होने के कारण उड़ान संभव नहीं हो सकी। इसके बाद शनिवार को बच्ची को सुरक्षित काठमांडू के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां विशेषज्ञों की टीम उसका इलाज कर रही है। तीन दिन तक मौत को मात देकर जिंदगी की जंग जीतने वाली यह मासूम अब पूरे देश में उम्मीद की मिसाल बन चुकी है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha