गुडवर्कः नगीना में मीट व्यापारी के यहां हुई लाखों की चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार

शहजाद अंसारी
बिजनौर। दो दिन पूर्व नगीना में मीट व्यापारी के यहां हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को चरस व तमंचे सहित गिरफ्तार करने में सफलता हांसिल की है। जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने पकडे गए दोनो आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया है।


  जानकारी के अनुसार नगीना थाना क्षेत्र के मोहल्ला पहाडी दरवाजा निवासी मीट व्यापारी नईम अहमद के यहां बीते रविवार की रात्रि चोरों ने लाखों रुपए की नकदी सहित जेवरात चोरी करने की घटना को अंजाम दिया था। पीडित नईम अहमद की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों को नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सीओ नगीना प्रभात कुमार ने भारी पुलिस बल व डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटना स्थल का मौका मुआयना कर नगीना पुलिस को घटना का शीघ्र व सही खुलासा करने के निर्देश दिए थे। नगीना थाना प्रभारी कृष्ण मुरारी दोहरे ने चोरी की इस घटना को चुनौती के रूप में लिया और उन्होंने अपनी टीम के कस्बा इंचार्ज अजय कुमार, एसआई रवि कुमार, सिपाही आशीष कुमार, शेखर प्रेमी, पदम सिंह के सहयोग से चोरी की इस घटना को मात्र 48 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को मंगलवार की रात्रि बढापुर रोड ईदगाह के पास से सेंट्रो कार सहित गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान पकडे गए आरोपियों के पास से एक किलो चरस दो अवैध तमंचे, चार हजार की नकदी व चोरी करने के उपकरण बरामद हुए है। पुलिस पूछताछ में पकडे गए आरोपियो ने अपने नाम वसीम उर्फ गलकटा पुत्र फुरकान निवासी थाना धामपुर व अलताफ पुत्र महताब निवासी कलालान थाना नगीना बताया। जबकि दो आरोपी शाहिद उर्फ पप्पी व कासिम निवासी कलालान थाना नगीना अंधेरे का फायदा उठाकर पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गए। सीओ नगीना प्रभात कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि चोरी की इस घटना को अंजाम देने के सभी आरोपी कुख्यात किस्म के है तथा इन पर जनपद के कई थानो पर दर्जनो अपराधिक मुकदमें दर्ज है। दो आरोपी अभी फरार है जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। नगीना पुलिस द्वारा जल्द खुलासा करने की नगर में प्रशंसा हो रही है।

खबरें और भी हैं...