बहराइच (महसी)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जिले में बेखौफ घूम रहे अपराधियों और शातिर चोरों के खिलाफ पुलिस कप्तान के सख्त तेवरों का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। क्राइम ब्रांच की स्वॉट (SWAT) टीम और रामगांव थाने की पुलिस ने एक संयुक्त और बेहद साहसिक ऑपरेशन में ₹50,000 के इनामी और कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बदमाश फिरोज को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, इस दौरान उसका एक अन्य शातिर साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं।
मुखबिर की सटीक सूचना पर अकिलापुर रोड पर बिछाया गया जाल

चोरी और डकैती की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के सख्त निर्देश पर जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गठित टीम को देर रात मुखबिर से एक बेहद गोपनीय और सटीक सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि बीते 25 जून को बौंडी थाना क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुए असलम के दो फरार साथी, भारी मात्रा में चोरी के जेवरात और अवैध हथियारों के साथ बाइक पर सवार होकर भकला गोपालपुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही स्वॉट टीम और रामगांव पुलिस हरकत में आई और बिना वक्त गंवाए अकिलापुर चौराहा-भकला गोपालपुर रोड पर तगड़ी घेराबंदी कर दी।
बदमाशों ने पुलिस पर झोंका फायर, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
पुलिस टीम जब सड़क पर मुस्तैदी से वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी कुछ देर बाद अंधेरे में एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने जैसे ही हाथ का इशारा देकर उन्हें रुकने को कहा, बदमाशों के होश उड़ गए। खुद को चारों तरफ से घिरा देख बदमाशों ने बचने के लिए सीधे पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस फायरिंग से मौके पर हड़कंप मच गया, लेकिन जांबाज पुलिसकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली शातिर बदमाश के बाएं पैर में जा लगी और वह चीखते हुए बाइक से नीचे गिर पड़ा। वहीं, उसका दूसरा साथी रात के अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर अपनी बाइक के साथ रफूचक्कर हो गया।
कुख्यात फिरोज के पास से तमंचा और सोने के जेवरात बरामद
पुलिस ने जब घायल बदमाश को दबोचा और उससे पूछताछ की, तो उसने अपना नाम फिरोज पुत्र फौजदार बताया, जो बौंडी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसने मौके से फरार हुए अपने साथी का नाम मुल्कराज बताया है। पुलिस ने जब फिरोज की अमली तलाशी ली, तो उसके पास से एक देसी तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, ₹2040 नगद, सोने के दो झाले (पीली धातु) और दो एक्टिव मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, फिरोज एक शातिर और पेशेवर अपराधी है, जिसके खिलाफ बहराइच के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के दर्जनों संगीन मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी।
एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव समेत आला अधिकारी पहुंचे जिला अस्पताल
एनकाउंटर की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) और क्षेत्राधिकारी (CO) समेत तमाम आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। कप्तान ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मातहतों को फरार मुल्कराज की गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए। घायल हिस्ट्रीशीटर फिरोज को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां भारी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है।
एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बहराइच पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। 25 जून को बौंडी में असलम की गिरफ्तारी के बाद से ही यह गिरोह रडार पर था। अब फिरोज भी सलाखों के पीछे है और फरार मुल्कराज को भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा। पुलिस का दावा है कि इस बड़े गिरोह के खात्मे से जिले में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी।














