तोमर का वायरल वीडियो खालिस्तानी सा‎जिश?

– वायरल वीडियो पर जांच एजेंसियां सक्रिय
– कांग्रेस समेत अन्य बड़े नेताओं पर हो सकती है कार्रवाई
– विधानसभा चुनावों के बीच एक के बाद एक 3 वीडियो हुए वायरल
– 10 हजार करोड का मामला


नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय कृषि कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर के करोड़ों के लेनदेन वाले एक के बाद एक 3 वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। इन कथित वीडियो में देवेंद्र तोमर एक अन्य व्यक्ति से करोड़ों रुपये के लेन-देन की बात करते नजर आए हैं। वायरल तीसरे वीडियो के कनाडा से तार जुड़ने के बाद केंद्र सरकार ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। बताया जा रहा है कि अब एनआईए इस मामले को खालिस्तानी एंगल से जोड़कर जांच कर रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में अनेक बड़े नेताओं और नामचीन व्यक्तियों पर शिकंजा कसा जा सकता है।
सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि देवेंद्र तोमर के वायरल वीडियो के तार कनाडा से जुड़ रहे हैं, ऐसे में इस पूरे मामले को खालिस्तानी मूवमेंट से जोड़कर देखा जा रहा है। केंद्र सरकार ने इस मामले को अब गंभीरता से लिया है। केंद्रीय जांच एजेंसी कनाडा से खालिस्तान की सा‎जिश के रुप में देख रही है। इस मामले में एनआईए मध्य प्रदेश समेत पंजाब के अनेक नेताओं और नामचीन लोगों के यहां छापामार कार्रवाई भी कर सकती है। इसमें कांग्रेस के आला नेता भी जांच एजेंसी के दायरे में आ सकते हैं। खासतौर पर तब जबकि 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, केंद्र की भाजपा सरकार चुनाव प्रभावित करने वाले इस मामले को हल्के में नहीं लेगी। कहा जा रहा है कि बहुत जल्द वीडियो वायरल करने और उसे प्रचारित करने के मामले में अनेक नेता और नामचीन लोग हिरासत में भी लिये जा सकते हैं।


गौरतलब है कि 5 नवंबर को वायरल हुए पहले वीडियो के बाद केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र तोमर ने मुरैना के सिविल लाइन थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसके चंद दिनों बाद मतदान के पांच दिन पहले 500 करोड़ रुपये के लेन-देन वाला कथित वीडियो वायरल हुआ, जिसे लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर हमला बोला और बड़े लेन-देन का आरोप लगाया। इस पर भाजपा ने वायरल वीडियोज को नकली और फेक करार दिया। अभी मामला शांत भी नहीं हुआ था कि तीसरा वीडियो वायरल हो गया। वायरल हुए तीसरे वीडियो के कनाडा से तार जुड़े हैं, केंद्र ने इसे गंभीरता से लिया है। सूत्र बताते हैं कि इस पूरे मामले को लेकर जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। बहुत जल्द मध्य प्रदेश, पंजाब में धरपकड़ शुरु हो सकती है।


गौरतलब है कि दूसरा वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने सवाल किया था कि इस पूरे मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चुप क्यों हैं। जांच एजेंसियां कार्रवाई क्यों नहीं कर रही हैं। वहीं दूसरी तरफ तब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने वायरल वीडियो को फेक करार ‎दिया था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा था कि यह कांग्रेस का चुनावी हथकंडा है। अब जबकि वायरल वीडियोज पर कनाडा और खालिस्तान जैसे एंगल जुड़ रहे हैं, तो इसे बड़ी साजिश का यह हिस्सा बताकर ‎विप‎क्षियों को चुप कराया जाएगा।

खबरें और भी हैं...