बागीचे में युवती की गला रेतकर हत्या कर फेंकी गई लाश मिली


-कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के ठाकुरनगर गांव का मामला 
गोरखपुर। कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के ठाकुरनगर गांव स्थित बागीचे में बुधवार की सुबह युवती की हत्या कर फेंकी गई लाश मिली। सब्जी तोड़ने गई महिलाओं ने शव देख सूचना युवती के घरवालों को दी। युवती के गले में तीन जगह नुकीले हथियार से हमला करने के निशान मिले। मृतका की पहचान गांव के अजगरहा टोला निवासी अनीता (18) वर्ष पुत्री मुख्तार निषाद के रूप में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 


जानकारी के मुताबिक, मुख्तार निषाद फर्नीचर का काम करते हैं। चार बच्चों में दूसरे नंबर की बेटी अनीता मंगलवार को कमरे में सोई थी। रात में 12 बजे छत पर सोने चली गई। बुधवार की सुबह छह बजे गांव के घनश्याम की पत्नी सब्जी तोड़ने खेत की तरफ गई तो बगीचे में खून से लथपथ अनीता का शव देख शोर मचाते हुए घर पहुंची और घटना की जानकारी दी। खबर मिलने पर कैंपियरगंज थानेदार नवीन सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।

एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि सर्विलांस की मदद से मामले की छानबीन की जा रही है जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

खबरें और भी हैं...