
रायपुर शहर में कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद लोग बाहर घूम रहे हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन को गलत जानकारी देकर अस्पताल जाने से बच रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ अब पुलिसिया कार्रवाई कर उनकी तलाश की जा रही है। अब डीडी नगर इलाके में ऐसे ही संक्रमित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने प्रशासन को गुमराह किया और छुपते रहे। दूसरों को भी संक्रमित करने का जोखिम पैदा किया। इन संक्रमितों की तलाश जारी है। बीते 24 घंटे में रायपुर से 1015 लोग संक्रमित मिले हैं। 278 लोगों की सिर्फ रायपुर से मौत हो चुकी है। प्रदेश में 588 संक्रमित लोगों की जान अब तक जा चुकी है। इस वक्त रायपुर के 11371 लोग कोरोना संक्रमण का इलाज करवा रहे हैं।
एक भागा दुर्ग, दूसरा घर पर नहीं मिला
नगर निगम के जोन पांच के कर्मचारी संजय कुमार बघेल ने लापरवाही करने वालों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। इनमें आशीष शर्मा और ओंकार देवांगन नाम के लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। दोनों को नगर निगम की तरफ से कहा गया कि निरंतर संक्रमितों से संपर्क कर उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती होने कहा गया लेकिन इन्होंने अपना पता छिपाकर मोबाइल फोन पर झूठी जानकारी देकर गुमराह किया। आशीष तो मनमानी करते हुए दुर्ग तक चला गया था। ओंकार देवांगन को भी जब टीम लेने पहुंची तो वह घर पर नहीं मिला। अब इनकी तलाश और परिवार के लोगों से संपर्क करके की जा रही है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।















