
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ( Bollywood Actor Sushant Singh Rajput ) के रहस्मय मौत की जांच का दायरा बढ़ते हुए ड्रग्स कनेक्शन से जुड़ा और अब बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारे इसके घेरे में आ गए हैं। ड्रग्स मामले को लेकर जांच कर रही नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ( NCB ) अब तक कई ड्रग्स पैडलर समेत रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में पूछताछ के बाद कई बड़े सितारों का नाम सामने आया है, जिसको लेकर अब NCB सबूत जुटाने में जुटी है।
इन सबके बीच शिरोमणि अकाली दल के पूर्व विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ( Former MLA Manjinder Singh Sirsa ) ने करण जौहर के घर हुई पार्टी की जांच को लेकर NCB में शिकायत दर्ज करा दी है। सिरसा ने कहा है कि करण जौहर के घर में जो पार्टी हुई थी, उसमें ड्रग्स एंगल की जांच की जाए। सिरसा ने यह शिकायत इस आधार पर दर्ज कराई है कि पिछले साल बॉलीवुड कलाकारों का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसे कथित तौर पर ड्रग्स पार्टी का वीडियो बताया जा रहा है।
बता दें कि मनजिंदर सिंह सिरसा ने बॉलीवुड की कथित नशीली ड्रग्स पार्टियों की समस्या को लेकर NCB में ये शिकायत दर्ज कराई है और जांच एजेंसी से मांग की गई है कि करण जौहर के घर पर पिछले साल हुई पार्टी की जांच की जाए क्योंकि वहां कथित तौर पर ‘ड्रग पार्टी’ हुई थी।
सिरसा ने शेयर किया शिकायत पत्र
मनजिंदर सिंह सिरसा ने एनसीबी प्रमुख राकेश अस्थाना को दिए अपने शिकायत पत्र को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने शेयर करते हुए लिखा वह उनसे (NCB प्रमुख) मिले और वीडियो की जांच शुरू करने के लिए कहा है।
सिरसा ने आगे लिखा, ‘मैं श्री राकेश अस्थाना @narcoticsbureauat BSF के हेड क्वार्टर, दिल्ली में मिला। मैंने फिल्म निर्माता @karanjohar के खिलाफ जांच और कार्रवाई करने के लिए शिकायत दर्ज कराई और मैंने मुंबई में करण जोहर के घर पर हुई ड्रग पार्टी के आयोजन के वीडियो की जांच होने की बात भी कही।’
उन्होंन कहा कि वीडियो में कई बड़े सितारे दिखाई दे रहे हैं। इसलिए वे चाहते हैं कि कलाकार दीपिका पादुकोण, विक्की कौशल, मलाइका अरोड़ा, वरुण धवन, अर्जुन कपूर और शाहिद कपूर सभी से पूछताछ की जाए। सिरसा ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि कलाकारों को पार्टी में ‘ड्रग्स का सेवन करते’ देखा गया। हालांकि वीडियो में कोई भी ड्रग्स का सेवन करते नहीं देखा जा रहा है।
करण ने पहले ही आरोपों से किया है इनकार
आपको बता दें कि करण जौहर ने इस वीडियो को लेकर पहले ही स्पष्टीकरण देते हुए सभी आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा था कि उनके घर में हुई पार्टी में कोई भी ड्रग्स नहीं ले रहा था। करण ने कहा था ‘इंडस्ट्री के इन सदस्यों को एक कठिन सप्ताह के बाद एक अच्छा समय बिताते हुए देखना अच्छा लग रहा था और मैंने पूरी ईमानदारी के साथ इस वीडियो को बनाया… अगर मैं कुछ भी कर रहा होता, तो मैं उस वीडियो को डिलीट कर देता, मैं बेवकूफ* नहीं हूं।’















